यमुना प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: 1000 करोड़ की जमीन से हटा अवैध कब्जा, हेरिटेज सिटी में ध्वस्तीकरण,11 थानों की फोर्स और पीएसी रही तैनात

यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने मथुरा के हेरिटेज सिट प्रोजेक्ट के पास 25 हेक्टेयर जमीन मुक्त कराई। 1000 करोड़ की भूमि पर बने अवैध होटल और कॉलोनियां ध्वस्त।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
यमुना प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: 1000 करोड़ की जमीन से हटा अवैध कब्जा, हेरिटेज सिटी में ध्वस्तीकरण,11 थानों की फोर्स और पीएसी रही तैनात

मथुरा/गौतमबुद्धनगर / भारतीय टॉक न्यूज़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘हेरिटेज सिटी’ और राया अर्बन सेंटर की राह में रोड़ा अटकाने वाले अतिक्रमणकारियों पर यमुना प्राधिकरण ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने करीब 25 हेक्टेयर (लगभग 62 एकड़) बेशकीमती जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है। बाजार में इस जमीन की अनुमानित कीमत 1000 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में सेंध लगाने की कोशिश नाकाम

यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण की यह कार्रवाई मथुरा के हेरिटेज सिटी क्षेत्र में स्थित ग्राम पिपरौली खादर, अरूवा खादर और पानी गांव खादर में की गई। गौरतलब है कि हेरिटेज सिटी यूपी सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। भू-माफिया इस क्षेत्र के कोर एरिया में अवैध रूप से होटल, ढाबे और कॉलोनियां विकसित कर रहे थे। प्राधिकरण की टीम ने इन सभी अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।

अवैध कॉलोनियों और होटलों पर चला पीला पंजा

अधिकारियों के मुताबिक, यमुना नदी के किनारे लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को भी जमींदोज कर दिया गया है। विशेष रूप से ग्राम अरवा खादर और पिपरौली खादर में भू-माफिया दो बड़ी अवैध कॉलोनियां काट रहे थे। इसके अलावा, निर्माणाधीन अवैध होटलों और ढाबों के विरुद्ध भी कड़ा एक्शन लिया गया। जमीन पर किए गए हर छोटे-बड़े निर्माण को तोड़कर प्राधिकरण ने अपना बोर्ड लगा दिया है।

11 थानों की फोर्स और पीएसी रही तैनात

इस भारी भरकम ध्वस्तीकरण अभियान का नेतृत्व यमुना प्राधिकरण के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) शैलेंद्र कुमार सिंह ने किया। मौके पर भारी विरोध की आशंका को देखते हुए डिप्टी कलेक्टर शिव अवतार सिंह, अभिषेक शाही और कृष्ण गोपाल त्रिपाठी के साथ 11 थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी (PAC) के जवानों को तैनात किया गया था। प्रशासनिक मुस्तैदी के चलते पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

प्राधिकरण ने सख्त चेतावनी जारी की है कि हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *