ग्रेटर नोएडा/भारतीय टॉक न्यूज़: अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का कड़ा रुख जारी है। गुरुवार को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) एन.जी. रवि कुमार के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए, भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने रोहिल्लापुर गांव के डूब क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। प्राधिकरण की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान लगभग 18,000 वर्ग मीटर जमीन को भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त कराया गया है, जिसकी बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम के नेतृत्व में चली इस दो घंटे की कार्रवाई ने उन कॉलोनाइजरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया जो हिंडन के डूब क्षेत्र में खसरा संख्या 22 और 33 पर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी कर रहे थे।
प्राधिकरण की इस निरंतर कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है। महाप्रबंधक एके सिंह ने स्पष्ट किया कि डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है और शिकायत मिलते ही तत्काल बुलडोजर कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों के भीतर प्राधिकरण ने अतिक्रमण के खिलाफ यह 5वीं बड़ी स्ट्राइक की है। इससे पहले भनौता, हैबतपुर और खेड़ा चौगानपुर में भी हजारों वर्ग मीटर जमीन खाली कराई गई और 100 से अधिक फ्लैटों को सील किया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा निर्माण का प्रयास किया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अगर आप दादरी या ग्रेटर नोएडा से हैं और नौकरी की तलाश में हैं,तो ये खबर आपके लिए है! 👉अब दादरी में शुरू हो गई हैं Korean Language Classes।



