गौतमबुद्धनगर/भारतीय टॉक न्यूज़: जिले में धार्मिक आयोजनों, पर्यटन स्थलों और घाटों पर नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 6 जल पुलिस चौकियों की स्थापना का प्रस्ताव पारित किया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाना, बाढ़ के दौरान राहत कार्य संचालित करना और छठ पूजा व कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
अधिकारियों के मुताबिक, ये चौकियां जिले के तीनों जोन (नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा) में सामरिक रूप से महत्वपूर्ण जल निकायों के पास बनाई जाएंगी।
इन स्थानों पर खुलेंगी नई चौकियां:
जल पुलिस के नेटवर्क को विस्तार देते हुए निम्नलिखित स्थानों को चिन्हित किया गया है:
🔸 नोएडा जोन: थाना सेक्टर-126 के अंतर्गत ओखला बैराज (कालिंदी कुंज यमुना पुल के नीचे)।
🔸 सेंट्रल नोएडा: थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में हिंडन नदी के किनारे कुलेसरा।
🔸 ग्रेटर नोएडा: थाना नॉलेज पार्क के अंतर्गत ग्राम कामबख्शपुर (यमुना तटीय क्षेत्र)।
🔸 थाना दादरी: कोट नहर।
🔸 थाना दनकौर: खेरली नहर पुलिया।
🔸 थाना रबूपुरा: ग्राम चंडीगढ़ के पास यमुना नहर।
आधुनिक उपकरणों और आपदा मित्रों से लैस होगी टीम
प्रत्येक जल पुलिस चौकी केवल एक पुलिस पोस्ट नहीं, बल्कि एक त्वरित बचाव केंद्र (Quick Response Center) के रूप में कार्य करेगी। मीडिया प्रभारी ने बताया कि प्रत्येक चौकी पर रबरयुक्त आधुनिक बचाव नौकाएं, प्रशिक्षित नाव चालक और सहायक चालक तैनात रहेंगे। इसके अलावा स्थानीय गोताखोरों और ‘आपदा मित्रों’ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा इन चौकियों को वित्तीय सहयोग और तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इन चौकियों की जिम्मेदारी केवल निगरानी तक सीमित नहीं होगी, बल्कि भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग सुनिश्चित करना और नौकाओं के सुरक्षित संचालन की निगरानी करना भी इनका प्रमुख कार्य होगा। आकस्मिक घटनाओं के समय ये टीमें जीवन रक्षक की भूमिका निभाएंगी।

