Greater Noida/भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा में मीडिया पर चर्चित होने के लिए आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करना एक युवती को महंगा पड़ गया। बिसरख कोतवाली पुलिस ने एक युवती को सोशल मीडिया पर जातिसूचक शब्दों और गाली-गलौज से भरी रील बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती की पहचान रिया रावत के रूप में हुई है, जो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ईकोविलेज-1 सोसाइटी की निवासी है और मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली है।
मामला तब सामने आया जब रिया रावत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वह दलित समाज की एक युवती के खिलाफ आपत्तिजनक और जातिसूचक भाषा का इस्तेमाल करती हुई नजर आ रही थी। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। इसी दौरान एक एक्स (पूर्व में ट्विटर) यूजर ने वीडियो को नोएडा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को टैग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायत का तुरंत संज्ञान लेते हुए बिसरख कोतवाली पुलिस हरकत में आई। बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जाँच के बाद आरोपी युवती को उसकी सोसाइटी से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि समाज में इस तरह का द्वेष फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आरोपी युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

