Noida News : थाना सेक्टर-63 नोएडा पुलिस ने पैसे के लेन-देन को लेकर एक युवक की हत्या करने वाले तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 03 चाकू (आलाकत्ल) भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी सेंट्रल नोएडा, शक्तिमोहन अवस्थी के अनुसार, 7 नवम्बर 2024 को वादी द्वारा थाना सेक्टर-63 पर तहरीर दी गई थी। इसमें बताया गया कि अभियुक्त 1-पारूल, 2-अमित पासवान, और 3-अकरम ने 06.11.2024 को वादी के पुत्र पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। इस हमले में वादी के पुत्र की उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई।
गिरफ्तारी की प्रक्रिया
डीसीपी ने बताया कि 8 नवम्बर 2024 को थाना सेक्टर-63 पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। ये सभी अभियुक्त थाना क्षेत्र के शमशान घाट अंडरपास के नीचे छिजारसी से पकड़े गए।
हत्या का कारण
गिरफ्तार अभियुक्तों और मृतक युवक के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर दीपावली से 03 दिन पूर्व झगड़ा हुआ था। इस झगड़े में मृतक ने मुख्य आरोपी पारूल को थप्पड़ मारा था। इसके बाद, 06.11.2024 को पारूल ने अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया।
घायल युवक की स्थिति
हमले में घायल युवक को बचाने आए उसके दोस्त पर भी आरोपियों ने चाकू से हमला किया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
अभियुक्तों की जानकारी
- पारूल: पुत्र भूरा, निवासी छिजारसी कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, नोएडा, उम्र 19 वर्ष (मुख्य आरोपी)।
- अमित पासवान: पुत्र मिथलेश पासवान, निवासी अतर सिहं कॉलोनी, चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, नोएडा, उम्र 20 वर्ष।
- अकरम: पुत्र मोहम्मद जुबैर, निवासी चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, नोएडा, उम्र 22 वर्ष।
पुलिस ने एक अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए भी टीम का गठन किया है।