Greater Noida / भारतीय टॉक न्यूज़ : गौतमबुद्धनगर (12 मई, 2025) दनकौर थाना क्षेत्र में आज एक सनसनीखेज वारदात में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विशाल पुत्र विजय, मूल निवासी सादोपुर थाना बादलपुर और वर्तमान निवासी मधुबनी कॉलोनी मंडी श्याम नगर थाना दनकौर के रूप में हुई है। पीड़ित परिजनों ने दो नामजद समेत अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 12 मई, 2025 को विशाल को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मार दी गई। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल विशाल को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना स्थल का फॉरेंसिक टीम द्वारा बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या का कारण
मृतक के परिजनों ने राहुल पुत्र मानसिंह व शनि पुत्र मानसिंह निवासी अच्छेजा थाना बादलपुर जनपद गौतमबुद्धनगर व अन्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी है। परिजनों ने बताया कि वर्ष 2022 में आरोपी राहुल के भाई की हत्या हुई थी, जिसके सम्बन्ध में थाना बादलपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 07/2022 धारा 302 भादवि के तहत पंजीकृत किया गया था। इसी मामले में मृतक विशाल जेल भी गया था। माना जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते बदला लेने की नीयत से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई: एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रकाश में आए एक अभियुक्त विपिन पुत्र मानसिंह निवासी अच्छेजा थाना बादलपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, अन्य नामजद और अज्ञात अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी तलाश में सघन छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।