ग्रेटर नोएडा: ईद की खुशियां मातम में बदलीं; अलीवर्दीपुर में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मासूम बच्ची को कुचला, मौत

ग्रेटर नोएडा के अलीवर्दीपुर में ईद की खुशियां मातम में बदलीं। अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 8 साल की अल्फिया को कुचला। सीसीटीवी फुटेज आया सामने, आरोपी चालक फरार।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ग्रेटर नोएडा: ईद की खुशियां मातम में बदलीं; अलीवर्दीपुर में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मासूम बच्ची को कुचला, मौत

ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़:  ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के अलीवर्दीपुर गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। मौरंग से भरी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने गली में खेल रही 8 वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

मौसी के घर ईद मनाने आई थी अल्फिया

मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी उमर मोहम्मद की पत्नी अपनी दो बेटियों के साथ रविवार को अलीवर्दीपुर गांव अपनी बहन के घर ईद मनाने आई थीं। सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे उमर की छोटी बेटी अल्फिया (8) अपनी ममेरी बहन तूबा के साथ घर के बाहर गली में खेल रही थी। इसी दौरान गली में मौरंग से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर बच्चों की ओर बढ़ी और अल्फिया को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पास के नाले में जा गिरी।

CCTV में कैद हुई भयावह तस्वीर

हादसे के वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि गली में एक डंपर खड़ा था, जिसके पीछे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। अचानक ट्रैक्टर आगे बढ़ा और वहां खेल रहे बच्चों को रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में अल्फिया को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी बच्ची तूबा भी ट्रैक्टर के नीचे फंस गई थी, जिसे ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मासूम अल्फिया गाजियाबाद के एक स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा थी।

घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों का आरोप है कि चालक ने जानबूझकर लापरवाही की है। ईद जैसे पावन त्योहार पर हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *