Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़ (संवाददाता): भारतीय किसान यूनियन (किसान सभा – अराजनैतिक) ने संगठन में विस्तार करते हुए खेड़ी भनौता गाँव के निवासी अनुज गुर्जर को गौतमबुद्धनगर जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह फैसला संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया गया है, जिसका उद्देश्य जिले में किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती प्रदान करना है।

अनुज गुर्जर की नियुक्ति पर संगठन के कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के किसानों ने खुशी जाहिर की है। उनका मानना है कि गुर्जर, जो लंबे समय से किसान हितों के लिए संघर्षरत रहे हैं, इस नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
पदभार ग्रहण करने के बाद अनुज गुर्जर ने कहा, “संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। मेरी प्राथमिकता गौतमबुद्धनगर के किसानों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने रखकर उनका तत्काल समाधान कराना होगी। हम सब मिलकर किसान, मजदूर और गाँव की आवाज को बुलंद करेंगे।”

यह नियुक्ति भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) द्वारा उत्तर प्रदेश में किए जा रहे संगठनात्मक फेरबदल का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेश के कई जिलों में नए जिलाध्यक्षों और मंडल स्तर के पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। संगठन का मानना है कि नए और ऊर्जावान नेतृत्व को मौका देने से किसानों के संघर्ष को नई दिशा मिलेगी। इस कदम से क्षेत्र के किसानों में एक नई उम्मीद जगी है कि अब उनकी समस्याओं, जैसे कि भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, बिजली बिल और फसलों के उचित दाम जैसी मांगों को और मजबूती से उठाया जाएगा।

