Greater Noida/भारतीय टॉक न्यूज़: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना बिसरख पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन अभियुक्तों पर लव कुमार नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 कारें, एक मोटरसाइकिल और 05 लकड़ी के डंडे भी बरामद किए हैं।
क्या थी घटना?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 नवंबर, 2025 की है। वादी (मुकदमा दर्ज कराने वाले) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई गौरव अपने मित्र लव कुमार के साथ ग्रीन फील्ड स्कूल, तिगरी के पास स्थित अपने मकान पर बैठा था।
तभी सचिन गुर्जर और नितिश गुर्जर (निवासी दल्लुपुरा, दिल्ली) अपनी कार (DL 7CQ 1896) से अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने आते ही वादी के भाई के मित्र लव कुमार को ले जाकर मारना-पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जब वादी के भाई गौरव ने अपने दोस्त को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी सचिन ने जान से मारने की नीयत से उस पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली गौरव के पैर में लगी, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, गंभीर चोटों के कारण लव कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
05 अभियुक्त गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
इस घटना के संबंध में थाना बिसरख पर मुकदमा (अ0सं0 864/2025) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं [115(2), 351(2), 109] के तहत दर्ज किया गया था। बाद में साक्ष्यों के आधार पर केस में धारा 191(2), 191(3), 190, और 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने दिनांक 08 नवंबर, 2025 को चार मूर्ति से एटीएस गोल चक्कर की तरफ जाने वाले रास्ते पर नर्सरी के पास से 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
🔸पंकज बाल्मिकी पुत्र मुकेश कुमार (निवासी खेरली हाफिजपुर, दनकौर)
🔸 संजय पुत्र सुरेश सोलंकी (निवासी जीडीए कॉलोनी, गौर सिटी 2)
🔸नितिश भाटी उर्फ जादू पुत्र जय इन्दर (निवासी दल्लुपुरा, दिल्ली)
🔸अभिषेक भाटी पुत्र गजेन्द्र भाटी (निवासी ग्राम चक्रसैनपुर, दादरी)
🔸 रितिक भाटी पुत्र सुरेन्द्र (निवासी ग्राम चक्रसैनपुर, दादरी)
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पंकज बाल्मिकी एक शातिर अपराधी है, जिस पर दनकौर और बुलंदशहर में हत्या (302 भादवि) और हत्या के प्रयास (307 भादवि) सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा अन्य प्रकाश में आए अभियुक्तों (मुख्य आरोपी सचिन गुर्जर सहित) की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
बरामदगी का विवरण:
एक आई-20 कार (DL 7CQ 1896)
एक स्विफ्ट कार (HR 51 CF 3110)
एक मोटरसाइकिल (UP 14 GM 6982)
05 लकड़ी के डंडे (घटना में प्रयुक्त)

