नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : जनपद में पिछले कुछ दिनों से जारी घरेलू गैस की आपूर्ति में बाधा और गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने कड़ा रोष व्यक्त किया। नोएडा महानगर अध्यक्ष राजवीर मुखिया के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर इस समस्या के तत्काल समाधान की मांग की।
रसोई चलाना हुआ मुश्किल, कालाबाजारी से आम जनता त्रस्त
ज्ञापन सौंपते हुए महानगर अध्यक्ष राजवीर मुखिया ने कहा कि नोएडा में घरेलू गैस की भारी किल्लत के कारण आम जनता का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। समय पर गैस उपलब्ध न होने के कारण लोगों को भोजन बनाने में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी चरम पर पहुंच गई है, जिससे जरूरतमंदों को ऊंचे दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
बीकेयू (भानु) ने सिटी मजिस्ट्रेट को अवगत कराया कि यदि प्रशासन ने गैस वितरण प्रणाली को जल्द दुरुस्त नहीं किया और कालाबाजारी करने वाले सिंडिकेट पर शिकंजा नहीं कसा, तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच की जाए और कृत्रिम किल्लत पैदा करने वाले लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।
इस दौरान प्रेम सिंह भाटी, सुभाष भाटी, अजीत अधाना, चंद्रपाल, मोहित बैसोया, सोनू अम्बावता, सत्यप्रकाश अवाना, जितेंद्र बैसोया, पवन खारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

