Greater Noida News/ BT NEWS: ग्रेटर नोएडा के तिलपता से मकौड़ा गोलचक्कर के बीच 130 मीटर रोड पर बन रहा फ्लाईओवर अब तेजी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। 2.5 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पहले धीमी गति से चल रहा था, लेकिन मई के अंतिम सप्ताह में BharatiyaTalk News की रिपोर्ट के बाद अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया। डंपर और बुलडोजर के ज़रिए मिट्टी भराव का काम तेज़ी से किया गया है, और अब तक इसका करीब 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, सितंबर में एक साइड खुलने की संभावना
यह फ्लाईओवर तिलपता गोलचक्कर और पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी के बीच पड़ने वाले ट्रैफिक को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह मार्ग वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) से जुड़ता है, जहां से भारी मालवाहक गाड़ियों की आवाजाही अधिक होती है। पहले इस प्रोजेक्ट की डेडलाइन वर्ष 2024 रखी गई थी, लेकिन मिट्टी की कमी और अन्य तकनीकी बाधाओं के चलते यह टल गई। एफसीसी के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर राजेंद्र सिंह के अनुसार, बारिश से पहले काम पूरा करने की कोशिश की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि सितंबर 2025 तक फ्लाईओवर की एक साइड को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे राहगीरों को काफी राहत मिलेगी।

