अलीगढ़/नोएडा (भारतीय टॉक न्यूज़): भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और ‘सिक्सर किंग’ के नाम से मशहूर रिंकू सिंह के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र सिंह का गुरुवार देर रात निधन हो गया। वह लंबे समय से लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।
यथार्थ अस्पताल के ICU में चल रहा था इलाज
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, खानचंद्र सिंह की हालत पिछले कुछ दिनों से काफी नाजुक बनी हुई थी। उन्हें नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ वह लाइफ सपोर्ट सिस्टम (ICU) पर थे। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पिता के निधन की खबर मिलते ही रिंकू सिंह के प्रशंसकों और क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
संघर्षों की मिसाल थे रिंकू के पिता
रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का बहुत बड़ा संघर्ष रहा है। रिंकू के करियर के शुरुआती दिनों में उनके पिता अलीगढ़ में सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। रिंकू ने कई इंटरव्यू में जिक्र किया था कि कैसे उनके पिता ने अभावों में रहकर भी उन्हें क्रिकेटर बनाने का सपना पूरा किया। आज जब रिंकू सफलता के शिखर पर हैं, तब पिता का साथ छूटना उनके लिए अपूरणीय क्षति है।
क्रिकेट जगत की तमाम हस्तियों और रिंकू के साथी खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें सांत्वना दी है।
भारतीय टॉक न्यूज़ (BharatiyaTalkNews) की ओर से रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं।

