दादरी/भारतीय टॉक न्यूज़: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को थाना दादरी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
घेराबंदी कर माही होटल के पास से दबोचा
थाना दादरी पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की तलाश में मुस्तैद थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने वीआईईटी माही होटल के पास घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने सन्जू (27 वर्ष) पुत्र राजाराम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
अपराधिक इतिहास और गैंगस्टर एक्ट
पकड़ा गया अभियुक्त सन्जू मूल रूप से बदायूं के दातागंज का रहने वाला है। वह काफी समय से दादरी पुलिस की वांछित सूची में शामिल था। उस पर गैंगस्टर एक्ट (मु0अ0सं0 0689/2025) के अलावा चोरी, आर्म्स एक्ट और बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत चार गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस की मुस्तैदी
दादरी कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। अवैध शस्त्र के साथ पकड़े जाने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था।

