दादरी (गौतमबुद्धनगर) / भारतीय टॉक न्यूज़: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दादरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कार के टायर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी किए गए 04 टायर (एलॉय व्हील सहित) और घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार भी बरामद की गई है।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बीते 11 अप्रैल 2026 को एक पीड़ित ने थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उसकी स्कॉर्पियो कार के चारों टायर चोरी कर लिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और अपराधियों की धरपकड़ के लिए 03 विशेष टीमों का गठन किया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साक्ष्य जुटाए। दिनांक 12 अप्रैल 2026 को पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि आरोपी पेरीफेरल जारचा अंडरपास के पास मौजूद हैं। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक बाल अपचारी (Minor) को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी स्थानीय निवासी ही हैं:
1. आसिफ पुत्र सलीम:निवासी आर जी एन्क्लेव, दादरी (उम्र 30 वर्ष)।
2. राजुद्दीन उर्फ राजू: निवासी आर जी एन्क्लेव, दादरी (उम्र 28 वर्ष)।
अभियुक्त आसिफ का काला इतिहास: पकड़े गए आरोपी आसिफ पर पहले से ही मारपीट और विभिन्न धाराओं में दादरी थाने में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इसकी अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सारा सामान और अपराध में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिए हैं:
🔸टायर: चोरी के 04 टायर मय एलॉय व्हील।
🔸हथियार: 02 अवैध चाकू।
उपकरण: 01 जैक और 01 पाना (टायर खोलने के औजार)।
वाहन: घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार।
थाना दादरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0- 152/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों का पता लगाने में जुटी है ताकि यह जाना जा सके कि इन्होंने अब तक और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

