दादरी (भारतीय टॉक न्यूज़)/ भारतीय टॉक न्यूज़: गौतमबुद्धनगर की दादरी थाना पुलिस ने कठहैरा रोड पर मिली गोविंद रावल उर्फ भूरा की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए एक सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी प्रीति देवी का गांव के ही रोहित रावल के साथ पिछले दो साल से अवैध संबंध था, जिसके चलते दोनों ने मिलकर गोविंद को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 12 फरवरी को रोहित अपने साथियों के साथ गोविंद को शराब पिलाने के बहाने ले गया और नशे में धुत होने पर ‘बांके’ से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

गुरुवार को एक सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में मुख्य शूटर नफीस पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित रावल, मृतक की पत्नी प्रीति, नफीस और सहयोगी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (बांका), एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुख्य आरोपी रोहित रावल का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास व लूट जैसे 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।

