दादरी (गौतमबुद्धनगर)/ भारतीय टॉक न्यूज़ : ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित विश्वेश्वरैया कॉलेज एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। एक छात्रा का दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कॉलेज के प्रिंसिपल और एक फैकल्टी मेंबर पर बेहद गंभीर आरोप लगा रही है। छात्रा ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और न्याय न मिलने पर आत्महत्या तक की चेतावनी दे दी है।
“प्रिंसिपल और ललित राणा ने किया बैड टच”
वायरल वीडियो में छात्रा ने कॉलेज के प्रिंसिपल प्रदीप और फैकल्टी ललित राणा पर मारपीट और बदतमीजी करने के आरोप लगाए हैं। छात्रा का दावा है कि दोनों ने उसके साथ ‘बैड टच’ (अश्लील हरकत) किया। छात्रा ने भावुक होते हुए कहा, “यदि इन दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो मैं आत्महत्या कर लूंगी, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज मैनेजमेंट और इन दोनों की होगी।”
दोस्त को पीटा, बैक लगाने की दी धमकी
छात्रा ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि ललित राणा अन्य छात्राओं को भी परेशान करता है। छात्रा के मुताबिक, जब एक साथी छात्र उसे बचाने आया, तो उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसके कान और नाक से खून बहने लगा। छात्रा का यह भी आरोप है कि उसे परीक्षा में ‘बैक’ लगाने और साल खराब करने की धमकियां दी जा रही हैं।
समाजवादी छात्र सभा का जोरदार प्रदर्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार सुबह समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के गेट पर जमकर प्रदर्शन किया। भारी संख्या में छात्र भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस की कार्रवाई: एक आरोपी हिरासत में

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और छात्रों के हंगामे के बाद नोएडा पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस का कहना है: “वादी की तहरीर के आधार पर थाना दादरी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक अभियुक्त को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और स्थिति नियंत्रण में है।” पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

