दनकौर (गौतमबुद्धनगर) | भारतीय टॉक न्यूज़ : जनपद के थाना दनकौर पुलिस ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के मामले में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है, जिसे उसने वारदात के बाद खाली प्लॉट की झाड़ियों में छिपा दिया था।
चीती बंबा के पास से हुई गिरफ्तारी
पकड़े गए आरोपी की पहचान गौरव पुत्र जगदीश (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम महसाना, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। दनकौर पुलिस के मुताबिक, गौरव के खिलाफ 12 मार्च 2026 को एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें वादी ने आरोपी पर अपने भाई के साथ बुरी तरह मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दनकौर पुलिस ने गौरव को चीती बंबा के पास से धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया और बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य सह-अभियुक्तों की तलाश कर रही है।

