दनकौर | भारतीय टॉक न्यूज़ : जनपद के दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अट्टा फतेहपुर में एक किसान पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह खजूर वाले बाबा अंडरपास के समीप हुई इस मुठभेड़ में आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
क्या था पूरा मामला?
घटना की शुरुआत सोमवार, 06 अप्रैल 2026 को हुई थी। ग्राम अट्टा फतेहपुर निवासी कासिम (48 वर्ष) अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला युवक कायदे आजम वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि कायदे आजम ने अपने पास मौजूद अवैध तमंचे से कासिम पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। घायल किसान को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर किया फायर
घटना के बाद पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर दनकौर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं। मंगलवार (07 अप्रैल) को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है। खजूर वाले बाबा अंडरपास के पास सर्विस रोड पर जब पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह मोटरसाइकिल सहित गिर पड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान कायदे आजम (23 वर्ष) पुत्र शमशेर निवासी अट्टा फतेहपुर के रूप में हुई। पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
बरामदगी का विवरण:
🔸 01 अवैध देशी तमंचा (.315 बोर)
🔸 01 खोखा कारतूस और 01 जिंदा कारतूस
🔸 01 बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना दनकौर पर मु0अ0सं0- 80/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 351(3) (हत्या का प्रयास व अन्य) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह का सख्त अभियान जारी रहेगा।

