नोएडा/भारतीय टॉक न्यूज़ : गौतमबुद्धनगर में हाल ही में पानी में डूबकर एक इंजीनियर की दर्दनाक मौत ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े किए थे। बावजूद इसके, जनपद के कई विभागों के अधिकारी आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आपदा प्रबंधन, कोल्ड वेव और सिटी हीट वेव एक्शन प्लान को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई थी, जिसमें कई विभागाध्यक्षों की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार किया है।
बैठक से गायब रहे जिम्मेदार अधिकारी
डीएम मेधा रूपम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि तीनों विकास प्राधिकरणों (नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे) से कोई भी वरिष्ठ अधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) या विशेष कार्याधिकारी (OSD) बैठक में शामिल नहीं हुआ। इसके अलावा मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) की अनुपस्थिति पर भी डीएम ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली बैठक में विभागाध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य होगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: [Noida News: मोनिंद्र को प्रताड़ित करने की खबरें महज अफवाह, नोएडा पुलिस ने जारी किया स्पष्टीकरण ]
रैन बसेरों और रोड सेफ्टी पर सख्त आदेश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि औद्योगिक जनपद होने के कारण यहाँ बड़ी संख्या में श्रमिक खुले में सोते हैं। नगर निकायों और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर खुले में सो रहे लोगों को रैन बसेरों तक पहुँचाया जाए।
सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर डीएम ने प्राधिकरणों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि नवंबर माह से लंबित 152 हॉट स्पॉट और 35 ब्लैक स्पॉट पर बचाव कार्य की रिपोर्ट अब तक नहीं सौंपी गई है। उन्होंने इसे ‘अंतिम अवसर’ देते हुए रिपोर्ट जल्द जमा करने का आदेश दिया। साथ ही सड़कों के गड्ढे भरने, डिवाइडर सुधारने और जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के काम में तेजी लाने को कहा।
बहुमंजिला इमारतों का होगा फायर ऑडिट
सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए डीएम ने सभी प्राधिकरणों को निर्देश दिया कि जनपद की समस्त बहुमंजिला इमारतों की अग्नि सुरक्षा (Fire Safety) की जांच कराई जाए। यदि किसी इमारत में मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

