Greater Noida News/ भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा: शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे प्रतिष्ठित बाबूराम भाटी मेमोरियल ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को क्वार्टर फाइनल के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। इन कड़े मुकाबलों में दुजाना और बादलपुर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैचों में जीत हासिल की और सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
टूर्नामेंट का पहला क्वार्टर फाइनल मैच रोजा-याकूबपुर और दुजाना की टीमों के बीच खेला गया। रोजा-याकूबपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 161 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुजाना की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम ने मात्र तीन विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और मैच में एकतरफा जीत दर्ज की। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नितिन को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला बादलपुर और कचैड़ा के बीच हुआ, जो बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर का रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए बादलपुर की पूरी टीम 156 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कचैड़ा की टीम ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन वे लक्ष्य से केवल 5 रन दूर रह गए। कचैड़ा की पूरी टीम 151 रनों पर सिमट गई और बादलपुर ने यह करीबी मुकाबला जीत लिया। मैच में शानदार खेल दिखाने वाले यशवीर सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।

