नोएडा में फर्जी तोड़फोड़ गिरोह का भंडाफोड़: प्राधिकरण बनकर तोड़ने पहुंचे थे मकान, आदेश मांगते ही भाग खड़े हुए

Fake demolition gang busted in Noida: They came to demolish houses posing as authorities, ran away as soon as orders were asked for

Partap Singh Nagar
3 Min Read
नोएडा में फर्जी तोड़फोड़ गिरोह का भंडाफोड़: प्राधिकरण बनकर तोड़ने पहुंचे थे मकान, आदेश मांगते ही भाग खड़े हुए

 

 

Noida News/भारतीय टॉक न्यूज़: सेक्टर-107 के सलारपुर खादर में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब कुछ लोग खुद को नोएडा प्राधिकरण की टीम बताकर एक निर्माणाधीन मकान को जेसीबी से तोड़ने पहुंचे। लेकिन जब स्थानीय परिवार ने कार्रवाई से जुड़ा लिखित आदेश मांगा तो पूरी पोल खुल गई। असली प्राधिकरण टीम और पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना उस समय की है जब बरेली मूल निवासी नितिन कुमार अपने चार मंजिला मकान का निर्माण करा रहे थे। अचानक कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे और मकान के पिछले हिस्से को तोड़ने लगे। मजदूरों को जबरन भगा दिया गया। खुद को “प्राधिकरण की टीम” बताने वाले लोगों ने जब आदेश दिखाने से मना किया, तब नितिन ने पास में ही असली प्राधिकरण टीम से संपर्क किया, जो उसी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान में जुटी थी।

वर्क सर्कल-8 के प्रबंधक दीपक कुमार ने साफ किया कि उनकी टीम ने इस मकान पर कोई कार्रवाई नहीं की है। इसके बाद नितिन ने शोर मचाया और आसपास के लोग जुट गए। मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपियों को भागना पड़ा।

प्राधिकरण की सफाई:

वर्क सर्कल-8 के प्रभारी सत्येंद्र गिरि ने स्पष्ट किया कि उनकी टीम केवल टीन शेड और नींव पर की गई घेराबंदी को हटाने गई थी। जिस निर्माण को तोड़ा गया, उस पर कोर्ट से स्टे होने की बात भी सामने आई है, इसलिए प्राधिकरण की ओर से किसी इमारत को गिराने की कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि सलारपुर खादर में प्राधिकरण की अनुमति के बिना बन रही दो इमारतों को सील भी किया गया है।

निवासियों में आक्रोश, शिकायत दर्ज

घटना के बाद क्षेत्र में हंगामा और तनाव का माहौल रहा। नितिन कुमार ने सेक्टर-39 थाना में इस संबंध में शिकायत दी है, लेकिन अभी तक केस दर्ज नहीं किया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी कार्रवाई से कानून व्यवस्था पर सवाल उठते हैं और प्राधिकरण की छवि को भी नुकसान होता है।

 

 

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *