Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर के वार्षिक चुनाव 2025-2026 का बिगुल बज चुका है। शुक्रवार को नामांकन के पहले दिन कचहरी परिसर में भारी उत्साह देखने को मिला। अध्यक्ष और सचिव समेत कुल आठ महत्वपूर्ण पदों के लिए 17 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ अधिवक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी।
अध्यक्ष और सचिव पद पर कड़ी टक्कर
चुनाव के पहले दिन मुख्य पदों पर बड़े चेहरे सामने आए हैं। अध्यक्ष पद के लिए मनोज भाटी और योगेंद्र भाटी ने अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं, सचिव पद के लिए नीरज कुमार भाटी, शोभा राम चंदेला और सतेंद्र कुमार नागर के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
अन्य पदों पर नामांकन की स्थिति:
🔸 वरिष्ठ उपाध्यक्ष: दुर्गेश सिंह, राकेश शर्मा, छतरपाल सिंह।
🔸कनिष्ठ उपाध्यक्ष: महेंद्री उर्फ मुस्कान, प्रेमचंद त्यागी।
🔸 कोषाध्यक्ष: दीपक लोहिया, नितिन भाटी।
🔸अन्य पद: सह सचिव (प्रशासनिक), सांस्कृतिक सचिव और पुस्तकालय सचिव पदों पर भी कई उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं।
महिला प्रत्याशियों की संख्या कम
नामांकन के पहले दिन एक खास बात यह रही कि अब तक मैदान में केवल दो महिला प्रत्याशी (महेंद्री उर्फ मुस्कान और मीनू त्यागी) ही सामने आई हैं। देखना दिलचस्प होगा कि दूसरे दिन और कितनी महिलाएं चुनावी रण में उतरती हैं।
चुनावी कार्यक्रम: महत्वपूर्ण तिथियां
चुनाव समिति के अनुसार, आज (शनिवार) नामांकन का अंतिम दिन है। शेड्यूल कुछ इस प्रकार है:
🔸नामांकन: शनिवार दोपहर 2 बजे तक।
🔸 नाम वापसी: दोपहर 2 से 3 बजे तक।
🔸 नामांकन जांच: दोपहर 3 से 4 बजे तक।
🔸 अंतिम सूची: आज शाम 5 बजे जारी होगी।
🔸 मतदान: 24 दिसंबर (सुबह 9 से शाम 5 बजे)।
🔸 परिणाम: 24 दिसंबर की रात (मतगणना शाम 6 बजे से शुरू)।
2711 मतदाता तय करेंगे बार का भविष्य
इस बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 2711 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं की सूची बार कार्यालय के बाहर चस्पा कर दी गई है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ चैंबर-टू-चैंबर जाकर प्रचार कर रहे हैं। कचहरी परिसर के बाहर प्रत्याशियों ने टेंट लगाकर अपना चुनाव कार्यालय भी सक्रिय कर दिया है।



