Noida News/ लखनऊ/नोएडा/ भारतीय टॉक न्यूज़: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गौतमबुद्ध नगर के होनहार छात्र-छात्राओं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का लखनऊ से लेकर नोएडा तक सम्मान किया गया। एक ओर जहां प्रदेश के टॉपर्स को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरस्कृत किया, वहीं जिला स्तर पर भी मेधावियों का हौसला बढ़ाया गया।

मुख्यमंत्री के हाथों मिला राज्य स्तरीय सम्मान
लखनऊ में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी बोर्ड के शीर्ष मेधावियों को सम्मानित किया। इस प्रतिष्ठित समारोह में गौतमबुद्ध नगर के 8 होनहारों को भी पुरस्कार मिला, जिनमें हाईस्कूल के 5 और इंटरमीडिएट के 3 छात्र-छात्राएं शामिल थे। इन सभी को मुख्यमंत्री द्वारा एक टैबलेट, प्रशस्ति पत्र, मेडल और ₹1,00,000 की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। शिक्षा के साथ-साथ खेल में भी जिले का नाम रोशन करने वाले दो एथलीटों, मयंक रोसा और अंशुल भाटी को गोल्ड मेडल जीतने पर ₹75,000 की धनराशि और प्रशस्ति पत्र देकर उनका गौरव बढ़ाया गया।
जिला स्तर पर भी हुआ भव्य आयोजन
लखनऊ में चल रहे मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्ध नगर कलेक्ट्रेट में भी किया गया, जहां जिला स्तर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने जिले के अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। इन विद्यार्थियों को एक टैबलेट, प्रशस्ति पत्र, मेडल और ₹21,000 की धनराशि का चेक सौंपा गया। इसके अतिरिक्त, खेल प्रतियोगिताओं में सिल्वर मेडल विजेता खिलाड़ी रौनक नागर को ₹50,000 और ब्रोंज मेडल विजेता अमोद हरि शर्मा को ₹30,000 की धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।