जारचा | भारतीय टॉक न्यूज़ : गौतमबुद्धनगर जनपद के जारचा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सैंथली में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड (Double Murder) के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घटना के मुख्य साजिशकर्ता और लंबे समय से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 70 वर्षीय अभियुक्त सेंसरपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल के अनुसार, यह गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर की गई है।
डबल मर्डर के बाद लगा था गैंगस्टर एक्ट
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सैंथली में हुए जघन्य दोहरे हत्याकांड के बाद जारचा पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सेंसरपाल और वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध पर लगाम लगाने के उद्देश्य से गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने थाना जारचा पर मुकदमा अपराध संख्या 61/2026 धारा 2/3(1) गैंगस्टर एक्ट का अभियोग पंजीकृत किया था, जिसमें सेंसरपाल पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था और लगातार वांछित था।
पैतृक गांव सैंथली से ही दबोचा गया मुख्य साजिशकर्ता
फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 4 अप्रैल 2026 को जारचा कोतवाली पुलिस को पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए ग्राम सैंथली से ही मुख्य साजिशकर्ता सेंसरपाल पुत्र माखन (उम्र लगभग 70 वर्ष) को धर दबोचा। पकड़े गए शातिर अभियुक्त के खिलाफ जारचा थाने में मर्डर और गैंगस्टर एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

