Greater Noida /भारतीय टॉक न्यूज़ (संवाददाता) : दनकौर क्षेत्र के रामपुर खादर गांव में सोमवार को एक ऐसी अनोखी शादी देखने को मिली, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। यहां एक किसान की बेटी की विदाई हेलीकॉप्टर से हुई। अपनी दुल्हन को लेने के लिए दूल्हा किसी शाही राजकुमार की तरह हेलीकॉप्टर से पहुंचा, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
रामपुर खादर गांव के निवासी किसान अजय शर्मा की बेटी अंजली शर्मा की शादी बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव के रहने वाले अर्जुन शर्मा से तय हुई थी। रविवार रात को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात पहुंची और विवाह संपन्न हुआ। सोमवार सुबह जब विदाई का समय आया, तो दूल्हा अर्जुन अपनी दुल्हन अंजली को लेने के लिए हेलीकॉप्टर से पहुंचा।
दूल्हे के पिता राजकुमार शर्मा, जो मूल रूप से कमालपुर के रहने वाले हैं और दिल्ली में एक सफल कारोबारी हैं, ने अपने इकलौते बेटे की इस ख्वाहिश को पूरा करने के लिए लाखों रुपये खर्च किए। अर्जुन की इच्छा थी कि वह अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा कराकर घर लाए। पिता ने बेटे के इस सपने को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
जैसे ही गांव में हेलीकॉप्टर उतरा, उसे देखने के लिए रामपुर खादर और दूल्हे के गांव कमालपुर में लोगों का हुजूम लग गया। हर कोई इस शाही विदाई को अपनी आंखों से देखना और मोबाइल में कैद कर लेना चाहता था। भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए दनकौर पुलिस भी मौके पर मुस्तैद रही। महज 25 किलोमीटर की दूरी के लिए हुई यह शाही व्यवस्था क्षेत्र में एक मिसाल बन गई।

