Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने हैबतपुर गांव के पास हिंडन नदी के डूब क्षेत्र (Flood Zone) में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक की है। प्राधिकरण की टीम ने करीब 6,000 वर्ग मीटर बेशकीमती जमीन को भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया। यह कार्रवाई वर्क सर्किल-3 के नेतृत्व में भूलेख विभाग और प्राधिकरण पुलिस के भारी सहयोग से की गई। मौके पर पहुंचे बुलडोजरों ने अवैध बाउंड्री वॉल और निर्माणाधीन ढांचों को देखते ही देखते मलबे में तब्दील कर दिया।
बुलडोजर एक्शन!
🚜 ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने हैबतपुर के हिंडन डूब क्षेत्र (Flood Zone) में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6000 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। अवैध प्लॉटिंग और निर्माण ध्वस्त। @OfficialGNIDA @UPGovt#GreaterNoida pic.twitter.com/enOlx4gZlI
— BT News |Bharatiya Talk| (@BharatiyaTalk) January 28, 2026
NGT के नियमों की उड़ाई जा रही थी धज्जियां
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि खसरा संख्या 280 और 287 की यह जमीन पूरी तरह से अधिसूचित क्षेत्र और हिंडन के फ्लड ज़ोन में आती है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के स्पष्ट आदेश हैं कि डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद, कॉलोनाइजर भोले-भले लोगों को कम दाम का लालच देकर यहां अवैध कॉलोनी बसाने की फिराक में थे। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम और प्रबंधक रोहित गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ (ACEO) सुमित यादव ने इस कार्रवाई पर कहा कि अधिसूचित क्षेत्र और डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज होगा। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपनी गाढ़ी कमाई किसी भी अवैध कॉलोनी में निवेश करने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से जमीन की स्थिति की जांच जरूर कर लें।

