ग्रेटर नोएडा/ भारतीय टॉक न्यूज़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जारी अभियान के तहत, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने बुधवार को ग्राम भनौता में बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में अधिसूचित भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र से हटाया कब्जा
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग की वर्क सर्किल-2 की टीम ने यह कार्रवाई ग्राम भनौता के खसरा संख्या 135 की जमीन पर की यहाँ कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से बाउंड्री वाल बनाकर प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण ने लगभग 10,000 वर्ग मीटर एरिया को अतिक्रमण मुक्त कराया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
बिना अनुमति निर्माण करने वालों को सख्त चेतावनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई ऐसी अवैध कॉलोनियों में न फंसाएं। किसी भी स्थान पर जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
महाप्रबंधक (परियोजना) एके सिंह के अनुसार, भनौता की इस जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षाकर्मियों की उपस्थिति में मौके पर हुए निर्माण को ढहा दिया गया। प्राधिकरण ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि यहाँ दोबारा निर्माण करने की कोशिश की गई, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

