ग्रेटर नोएडा/भारतीय टॉक न्यूज़ : ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित (Notified) क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ प्राधिकरण ने मोर्चा खोल दिया है। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण की एक संयुक्त टीम ने खेड़ा चौगानपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 रिहायशी टावरों को सील कर दिया। इन टावरों में करीब 100 से अधिक फ्लैट्स का निर्माण किया जा चुका था, जिसे प्राधिकरण ने पूरी तरह अवैध माना है।
भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम
एसीईओ सुमित यादव की निगरानी में चलाई गई इस मुहिम में ओएसडी अभिषेक पाठक, ओएसडी राम नयन सिंह और वर्क सर्किल-3 की पूरी टीम शामिल रही। स्थानीय पुलिस और प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में खसरा संख्या-109 पर बनी इन इमारतों को सील किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह जमीन प्राधिकरण के अधिसूचित दायरे में आती है और यहाँ निर्माण के लिए न तो कोई अनुमति ली गई थी और न ही नक्शा पास कराया गया था।
गाढ़ी कमाई फंसाने से बचें नागरिक: ACEO
कार्रवाई के दौरान एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी कि अधिसूचित एरिया में बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी लुभावने ऑफर के चक्कर में आकर अपनी मेहनत की कमाई अवैध कॉलोनियों या फ्लैट्स में न फंसाएं। निवेश करने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर प्रॉपर्टी की सत्यता की जांच जरूर कर लें।

