हुक्का छूने पर ‘अभिमान’ की लड़ाई: ग्रेटर नोएडा के घंघौला में युवक पर जानलेवा हमला, दबंगों ने पीट-पीटकर तोड़ दीं हड्डियां

ग्रेटर नोएडा के घंघौला गांव में हुक्का छूने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दबंगों ने एक युवक को बेरहमी से पीटकर उसकी दो हड्डियां तोड़ दीं। पुलिस ने FIR दर्ज की है।

Partap Singh Nagar
2 Min Read
हुक्का छूने पर 'अभिमान' की लड़ाई: ग्रेटर नोएडा के घंघौला में युवक पर जानलेवा हमला, दबंगों ने पीट-पीटकर तोड़ दीं हड्डियां

ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़: दिल्ली-एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में छोटी-छोटी बातों पर हिंसा के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला घंघौला गांव का है, जहाँ महज ‘हुक्का छूने’ को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। दबंगों ने एक युवक को इस कदर बेरहमी से पीटा कि उसके शरीर की दो हड्डियां टूट गईं। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

वीडियो भेजकर बुलाया, फिर घर में घुसकर की मारपीट

घटना की शुरुआत 15 मार्च को हुई, जब पीड़ित दिनेश को सौरभ नामक युवक ने फोन कर अपने प्लॉट पर बुलाया। वहां कुछ युवक पहले से हुक्का पी रहे थे। आरोप है कि जब दिनेश ने हुक्का छुआ, तो सौरभ ने यह कहते हुए आपत्ति जताई कि “यह नत्थी भाटी का हुक्का है।” विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ; सौरभ ने दिनेश का वीडियो बनाकर नत्थी के बेटे ललित को भेज दिया। इसके दो दिन बाद यानी 17 मार्च को ललित अपने साथियों लविश, गौरव और रितिक के साथ आया और दिनेश पर टूट पड़ा।

मारपीट इतनी हिंसक थी कि डायल-112 पर सूचना देने के बावजूद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घायल दिनेश को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ एक्स-रे रिपोर्ट में उसकी दो हड्डियां टूटी पाई गईं। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *