Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना दादरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल टॉवरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन अभियुक्तों को घोड़ी बछेड़ा स्थित डिलाइट पैलेस के पास से उस समय दबोचा, जब वे चोरी के माल के साथ भागने की फिराक में थे। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राहुल शर्मा (गाजियाबाद), रोहित बंसल (बागपत) और अनुज कुमार (बुलंदशहर) के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने चोरी किए गए 02 टॉवर RRU (रिमोट रेडियो यूनिट), एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक धारदार चाकू बरामद किया है।
दिन में रेकी और रात में ‘नेटवर्क’ पर वार
पुलिस की कड़ी पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने जुर्म को स्वीकार करते हुए बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। यह गैंग दिन के समय उन इलाकों की रेकी करता था जहाँ मोबाइल टॉवर लगे होते थे और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती थी। मौका पाकर ये रात के सन्नाटे में टॉवर पर चढ़कर महंगे RRU उपकरणों को चुरा लेते थे। इन उपकरणों को बाजार में ऊंचे दामों पर बेचकर ये अपने शौक पूरे करते थे। पकड़े जाने के डर से ये अपराधी हमेशा अपने साथ अवैध असलहे रखते थे ताकि पुलिस या सुरक्षाकर्मियों के टोकने पर उन पर हमला कर सकें। बरामद किए गए RRU मोबाइल नेटवर्क के संचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जिनकी चोरी से दूरसंचार व्यवस्था ठप हो जाती थी।
राहुल शर्मा और रोहित बंसल का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त कोई मामूली चोर नहीं हैं, बल्कि इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। गैंग का मुख्य सदस्य राहुल शर्मा एक हिस्ट्रीशीटर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध बिसरख, सेक्टर-58, सूरजपुर और फेज-2 जैसे थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब 9 संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, रोहित बंसल के खिलाफ कासना और सूरजपुर थानों में 4 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अनुज कुमार के खिलाफ भी कासना थाने में मुकदमा पंजीकृत है। दादरी पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में टॉवर चोरी की वारदातों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

