ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़: जनपद के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर उसे सड़क हादसे का रूप देने की खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक पर पहले गाड़ी चढ़ाई और फिर लोहे के पाने से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी।
जेल से आने के बाद चल रही थी रंजिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी अमरपाल ने मृतक अमित उर्फ भोंचू के खिलाफ कुछ समय पहले नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अमित जेल गया था। जेल से छूटकर बाहर आने के बाद से ही दोनों पक्षों में गहरा मनमुटाव और रंजिश चल रही थी।
घटनाक्रम के मुताबिक, आरोपी अमरपाल अपने साथी अमित कुमार और सनी के साथ 23 मार्च को अपनी ईको कार से बागेश्वर धाम (मध्य प्रदेश) दर्शन करने गया था। इसी बीच अमरपाल को घर से सूचना मिली कि अमित उर्फ भोंचू उनके इलाके में देखा गया है। इसके बाद अमरपाल ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और रास्ते में ही अपने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर अमित को ठिकाने लगाने की पूरी योजना तैयार कर ली।
परी चौक पर घेरा, सफीपुर के पास फेंका शव
25 मार्च को जब तीनों आरोपी वापस लौटे, तो उन्हें अमित उर्फ भोंचू परी चौक के पास मिल गया। वहां उनके बीच तीखी बहस हुई। जब अमित जीरो पॉइंट की तरफ भागने लगा, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर ईको कार चढ़ा दी। इसके बाद अधमरी हालत में उसे कार के अंदर डाला और लोहे के पाने (Spanner) से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या को छुपाने और एक्सीडेंट दिखाने के मकसद से उन्होंने शव को सफीपुर अंडरपास के पास श्मशान घाट जाने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर फेंक दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने 29 मार्च को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अमरपाल (जेवर), अमित कुमार (बिरोंडा) और सनी (हापुड़) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई ईको कार (UP16EQ4870), खून से सना लोहे का पाना, तीन मोबाइल और एक अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद कर लिया है।

