ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी (महिला सुरक्षा) अनुकृति सिंह के पर्यवेक्षण में थाना कासना पुलिस ने एक युवती को लगातार परेशान करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वूमेन पावर लाइन-1090 और पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों को सख्त संदेश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, कासना क्षेत्र की रहने वाली एक 23 वर्षीय युवती को अंकुश राय (निवासी दलेलगढ़, दनकौर) पिछले कई दिनों से परेशान कर रहा था। आरोपी न केवल युवती का पीछा करता था, बल्कि उसे घूरने और अनावश्यक रूप से मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने जैसी हरकतें भी कर रहा था। परेशान होकर पीड़िता ने वूमेन पावर लाइन-1090 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
1090 की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
वूमेन पावर लाइन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे तत्काल थाना कासना पुलिस को जांच के लिए प्रेषित किया। कासना पुलिस ने जब मामले की तहकीकात की, तो आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद 06 अप्रैल 2026 को आरोपी अंकुश राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और 79 (पीछा करना और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना कासना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अंकुश राय को धर दबोचा और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति उन्हें परेशान करता है या छेड़छाड़ करता है, तो वे डरे नहीं। तत्काल वूमेन पावर लाइन-1090 या डायल-112 पर संपर्क करें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी और त्वरित सहायता सुनिश्चित की जाएगी।

