ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गाँव में सनसनी: मामूली कहासुनी के बाद युवक की निर्मम हत्या, खून से सने हथियार के साथ हत्यारा दबोचा

ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गांव में कुआँ पूजन के दौरान हुई मामूली कहासुनी में जगवीर भाटी ने मनोज की बाका मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हथियार समेत गिरफ्तार किया।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गाँव में सनसनी: मामूली कहासुनी के बाद युवक की निर्मम हत्या, खून से सने हथियार के साथ हत्यारा दबोचा

 

ग्रेटर नोएडा (भारतीय टॉक न्यूज़): ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तुस्याना में एक मांगलिक उत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गई। भोजन के दौरान हुई कहासुनी से नाराज होकर एक ग्रामीण ने दूसरे युवक पर ‘बाका’ (तेजधार हथियार) से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी को आलाकत्ल के साथ दबोच लिया है।

कुआँ पूजन के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को ग्राम तुस्याना में फिरी राम के परिवार में कुआँ पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में भोजन के दौरान हरदोई निवासी मनोज उर्फ लालू (30 वर्ष) और गांव के ही निवासी जगवीर भाटी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने जगवीर को कुछ अपशब्द कह दिए, जिससे वह बुरी तरह आहत हो गया।

घर से ‘बाका’ लेकर लौटा हत्यारा

गुस्से में तमतमाया जगवीर भाटी कार्यक्रम से अपने घर चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह हाथ में ‘बाका’ लेकर मनोज की तलाश में वापस लौटा। गांव की सड़क पर एक बुग्गी गाड़ी के पास दोनों का आमना-सामना हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई और फिर जगवीर ने मनोज के सिर पर बाका से जोरदार वार कर दिया। हमले में मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी:

घटना की सूचना मिलते ही थाना ईकोटेक-3 पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

सिर पर थे चोट के निशान

सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को खारिज करते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि मृतक का सिर कुचला नहीं गया है, बल्कि सिर पर बाका लगने के गहरे निशान हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी जगवीर भाटी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *