Greater Noida West: चार मूर्ति से एक मूर्ति तक की सड़क होगी 8 लेन; जाम से मिलेगी मुक्ति, हटाए जाएंगे हाथी-घोड़े और लैंडस्केपिंग का हिस्सा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति से एक मूर्ति चौक के बीच सड़क को 8 लेन किया जा रहा है। जाम खत्म करने के लिए हाथी-घोड़े और ग्रीनबेल्ट हटेंगे।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
Greater Noida West: चार मूर्ति से एक मूर्ति तक की सड़क होगी 8 लेन; जाम से मिलेगी मुक्ति, हटाए जाएंगे हाथी-घोड़े और लैंडस्केपिंग का हिस्सा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट | भारतीय टॉक न्यूज़:  ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सबसे व्यस्त और जाम के लिए चर्चित पैच ‘चार मूर्ति चौक से एक मूर्ति चौक’ के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस सड़क को चौड़ा करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। वर्तमान में 6 लेन की इस सड़क को बढ़ाकर 8 लेन किया जा रहा है, ताकि रोजाना लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय निवासियों को निजात मिल सके।

ग्रीनबेल्ट होगी कम, कैरिज-वे होगा चौड़ा

प्राधिकरण की योजना के अनुसार, सड़क के मुख्य कैरिज-वे (Main Carriage Way) को 6 लेन से बढ़ाकर 8 लेन करने के लिए सेंट्रल वर्ज की ग्रीनबेल्ट को कम किया जाएगा। इस बदलाव की वजह से सड़क के किनारे और बीच में लगे लैंडस्केपिंग का हिस्सा हटाया जा रहा है। विशेष रूप से, इस इलाके की पहचान बन चुके आकर्षक हाथी और घोड़ों के स्कल्पचर्स (मूर्तियों) को भी यहां से विस्थापित किया जाएगा। साथ ही, सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले पेड़ों को भी हटाया जा रहा है।

100 सोसायटियों और 12 मॉल का ट्रैफिक लोड

130 मीटर रोड का यह हिस्सा ग्रेनो वेस्ट की रीढ़ माना जाता है। यहां पर:

करीब 100 से अधिक हाउसिंग सोसायटियों का ट्रैफिक दबाव रहता है।

12 से अधिक शॉपिंग मॉल और हाई स्ट्रीट मार्केट की वजह से दिन भर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है।

चार मूर्ति से एक मूर्ति के बीच वर्तमान में तीन ऐसे पॉइंट हैं जहां वाहन बुरी तरह फंस जाते हैं, जिससे पीछे का पूरा ट्रैफिक थम जाता है।

U-टर्न पर भी होगा विशेष काम

अधिकारियों का दावा है कि सिर्फ लेन बढ़ाने से काम नहीं चलेगा, इसलिए  यू-टर्न (U-Turns)  के पास अतिरिक्त लेन बनाई जाएगी। इससे वाहनों को मुड़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी और मुख्य सड़क का ट्रैफिक बिना रुके चलता रहेगा। सड़क चौड़ी होने के बाद वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी और पीक आवर्स के दौरान लगने वाले 20 से 30 मिनट के जाम से लोगों को छुटकारा मिलेगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के निर्माण विभाग ने मौके पर काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होते ही ट्रैफिक का फ्लो सुचारू हो जाएगा। यह कदम ग्रेनो वेस्ट की बढ़ती आबादी और भविष्य के ट्रैफिक दबाव को देखते हुए उठाया गया है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *