Greater Noida News/ भारतीय टॉक न्यूज़: जनपद हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र में दहेज की कुप्रथा ने एक और विवाहिता की जान ले ली। गांव नारायणपुर बासका में एक महिला का शव देर रात फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गौतम बुद्ध नगर के बादलपुर थाना क्षेत्र स्थित बम्बावड़ गांव के निवासी अमरसिंह ने अपनी बेटी तनु की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर बासका निवासी सतपाल के बेटे राहुल के साथ की थी। पीड़ित पिता के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी की शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।
हापुड़ के नारायणपुर में बेटी होने पर विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज आरोप! @Uppolice
ससुराल वालों पर फांसी लगाकर मारने का गंभीर आरोप।
परिजनों का दावा- बेटी पैदा होने के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
कपूरपुर थाना पुलिस पर सुनवाई न करने और पीड़ित परिवार से अभद्रता का… pic.twitter.com/2uiT0g0CuQ
— BT News |Bharatiya Talk| (@BharatiyaTalk) August 24, 2025
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही तनु को कम दहेज लाने के लिए ताने दिए जाने लगे और उसके साथ मारपीट की जाने लगी। इस बीच तनु ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल वालों का गुस्सा और बढ़ गया। परिजनों का कहना है कि बेटी होने से नाराज ससुराल पक्ष के लोग तनु को और भी अधिक प्रताड़ित करने लगे और उससे अतिरिक्त दहेज में गाड़ी और रुपयों की मांग करने लगे।

मृतका के परिजनों ने बताया कि जब भी तनु ने अपने साथ हो रही मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी उन्हें दी, तो वे बेटी का घर बसाने की खातिर ससुराल वालों को समझाने का प्रयास करते रहे। लेकिन, ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार नहीं बदला और वे लगातार तनु को परेशान करते रहे।
देर रात, तनु के परिजनों को उसकी मौत की खबर मिली। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने देखा कि उनकी बेटी का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने ही उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है, ताकि यह आत्महत्या लगे।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कपूरपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और एक बार फिर दहेज जैसी सामाजिक बुराई पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।