जारचा सैंथली डबल मर्डर: नाली के पानी पर 2 की हत्या का वांछित आरोपी अलीगढ़ से गिरफ्तार, निकला शातिर हिस्ट्रीशीटर

Jarcha Sainthali double murder: Wanted accused in the murder of two people over drain water arrested from Aligarh, turns out to be a vicious history-sheeter

Partap Singh Nagar
4 Min Read
जारचा सैंथली डबल मर्डर: नाली के पानी पर 2 की हत्या का वांछित आरोपी अलीगढ़ से गिरफ्तार, निकला शातिर हिस्ट्रीशीटर

 

Greater Noida /भारतीय टॉक न्यूज़ : गौतमबुद्धनगर की जारचा थाना पुलिस ने 10 दिन पहले हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह खौफनाक वारदात नाली के पानी जैसे मामूली विवाद को लेकर हुई थी, जिसमें दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

नाली के पानी पर बहाया था खून

यह दिल दहला देने वाली घटना 20 अक्टूबर 2025 को थाना जारचा क्षेत्र के ग्राम सैंथली में घटी थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गांव में नाली के पानी के निकास को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी सचिन ने कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी।

इस गोलीकांड में अजयपाल और दीपांशु नाम के दो व्यक्तियों को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सचिन पुत्र ब्रह्म सिंह व अन्य के खिलाफ हत्या (बीएनएस की धारा 103(1), 109(1) आदि) का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी सचिन फरार चल रहा था।

अलीगढ़ में छिपा था हत्यारा

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025 को, जारचा पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी सचिन अपनी लोकेशन बदलकर अलीगढ़ में छिपा हुआ है।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अलीगढ़ में घंटा घर के पास घेराबंदी कर अभियुक्त सचिन (उम्र करीब 33 वर्ष), निवासी ग्राम आनंदपुर, थाना जारचा, को गिरफ्तार कर लिया।

 तमंचा और खोखा कारतूस बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब सचिन से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध .315 बोर का तमंचा बरामद किया। पुलिस ने बताया कि तमंचे की नाल में एक खोखा कारतूस (चला हुआ) भी फंसा हुआ मिला है, जिससे इस बात की पुष्टि होती है कि इसी हथियार का इस्तेमाल किया गया था।

शातिर अपराधी है सचिन

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सचिन एक आदतन अपराधी है। जारचा में दर्ज हुए ताजा हत्या और आर्म्स एक्ट (मु.अ.सं.- 0177/2025) के मामले के अलावा भी उसका लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर अलीगढ़ के थाना पिसावा में हत्या (302 भादवि), हत्या का प्रयास (307 भादवि), आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन मामलों समेत कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके बाकी साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *