Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की कासना कोतवाली पुलिस ने शातिर चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की। तीनों अभियुक्तों को थाना क्षेत्र में स्थित एक पार्क के पास से दबोचा गया।
पुलिस को इनके कब्जे से चोरी के माल का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है, जिसमें 28 अलग-अलग कंपनियों के चोरी के मोबाइल फोन शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, अभियुक्तों के पास से एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है और इस संबंध में हाथरस जिले के थाना सासनी गेट में वर्ष 2022 में (मु0अ0सं0- 805/2022) मुकदमा भी दर्ज है।
अवैध तमंचा और चाकू भी बरामद
तलाशी के दौरान यह गिरोह केवल चोर ही नहीं, बल्कि अवैध हथियार रखने का भी दोषी पाया गया। पुलिस ने अभियुक्त विनीत के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं, अभियुक्त इरशाद के पास से एक अवैध चाकू भी मिला है।
तीनों आरोपी कासना के निवासी, एक का है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्त कासना कस्बे के ही रहने वाले हैं। इनकी पहचान इरशाद (21 वर्ष) और दिलशाद (19 वर्ष) (दोनों सगे भाई और मोहम्मद हनीफ के पुत्र हैं) तथा विनीत (20 वर्ष) पुत्र पप्पन के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त विनीत का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ 2020 में कासना थाने में ही बलवा, मारपीट, घर में घुसकर धमकाने जैसी गंभीर धाराओं (मु0अ0सं0- 339/2020) में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में (मु0अ0सं0- 244/2025) नया मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया है।

