समाज में विश्वास का सेतु बनें मीडिया और प्रशासन: ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब की संगोष्ठी में मंथन

Media and administration should become a bridge of trust in society: brainstorming in the seminar of Greater Noida Press Club

Partap Singh Nagar
4 Min Read
समाज में विश्वास का सेतु बनें मीडिया और प्रशासन: ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब की संगोष्ठी में मंथन

Greater Noida / भारतीय टॉक न्यूज़: तेजी से बदलते सामाजिक परिदृश्य में विश्वास को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। इसी महत्वपूर्ण विषय पर ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित एक संगोष्ठी में मीडिया और प्रशासन के दिग्गजों ने गहन विचार-विमर्श किया। ‘समाज में विश्वास निर्माण : मीडिया एवं प्रशासन की भूमिका’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि तथ्य-आधारित पत्रकारिता और पारदर्शी प्रशासन ही एक स्वस्थ समाज की नींव रख सकते हैं।

 समाज में विश्वास का सेतु बनें मीडिया और प्रशासन: ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब की संगोष्ठी में मंथन

कार्यक्रम का शुभारंभ गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव, वरिष्ठ पत्रकार रामकृपाल सिंह, वरिष्ठ पत्रकार विनोद अग्निहोत्री तथा गलगोटिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सीईओ ध्रुव गलगोटिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की जिम्मेदारी

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “आज सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी संदेश को लोग ‘गीता के वचन’ की तरह सत्य मान लेते हैं। यह एक खतरनाक प्रवृत्ति है।” उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की गहनता से जांच करें, क्योंकि गलत सूचनाएं समाज में अविश्वास और भ्रम फैलाने का काम करती हैं। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर के पत्रकारों को “सुपरमैन” की संज्ञा देते हुए पत्रकारिता के छात्रों को भविष्य का प्रहरी बताया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर पुलिस और प्रशासन की जड़ें सड़ी-गली होतीं तो भारत का लोकतंत्र 75 वर्षों तक जीवित नहीं रहता।

पत्रकारिता का पक्ष सत्य और तथ्य का हो

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रामकृपाल सिंह ने पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “पत्रकार को खबर का निष्पक्ष पर्यवेक्षक होना चाहिए। खबर की शुरुआत तथ्य से करें और अंत भी तथ्य पर ही करें। खबर बनाइए नहीं, खबर पाइए, तभी पत्रकारिता विश्वसनीय बनेगी।”

वहीं, वरिष्ठ पत्रकार विनोद अग्निहोत्री ने कहा कि पत्रकारिता को पूरी तरह निरपेक्ष कहना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया, “पत्रकारिता का भी एक पक्ष होता है, और वह पक्ष है सत्य तथा तथ्य का। हमें हमेशा उसी के साथ मजबूती से खड़ा रहना चाहिए।”

पारदर्शिता और संवाद पहली प्राथमिकता

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने प्रशासन की भूमिका पर बोलते हुए कहा कि प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा के नागरिकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और आधुनिक ढांचा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब के अध्यक्ष आदेश भाटी ने संगोष्ठी के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य प्रशासन, मीडिया, शासन और शहरवासियों के बीच आपसी विश्वास की डोर को मजबूत करना है। समाज में पारदर्शिता और सकारात्मक संवाद स्थापित करना ही प्रेस क्लब की प्राथमिकता है।”

इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी में शहर के अनेक बुद्धिजीवियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, पत्रकारों और पत्रकारिता के छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जिससे यह संवाद और भी सार्थक बन गया।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *