Greater Noida /भारतीय टॉक न्यूज़: शिक्षा और शिक्षकों के हितों के लिए संघर्षरत गौतमबुद्धनगर के मंडल अध्यक्ष मेघराज भाटी को राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। नई दिल्ली स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में नवगठित भारतीय शिक्षक संघ (Teachers Federation of India – TFI) की कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें मेघराज भाटी को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में दिनेश चंद्र शर्मा को राष्ट्रीय अध्यक्ष और राममूर्ति ठाकुर को महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन का मुख्य उद्देश्य देश भर में शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और उनके समाधान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संघर्ष करना है। मेघराज भाटी की नियुक्ति पर गौतमबुद्धनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी है।

टेट के विरोध में 21 नवंबर को ‘महारैली’
संगठन के गठन के साथ ही उसकी पहली बड़ी कार्ययोजना का भी ऐलान कर दिया गया। टीएफआई ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के विरोध में आगामी 21 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल ‘महारैली’ करने का निर्णय लिया है।
टीएफआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेघराज भाटी ने इस नई जिम्मेदारी को भारतवर्ष के सभी शिक्षकों के लिए एक चुनौती बताया। उन्होंने कहा, “यह चुनौती देश के सभी शिक्षकों की है, इसीलिए इसके लिए संघर्ष भी देश स्तर का होना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ टीएफआई का गठन किया गया है।”
गौतमबुद्धनगर से होगी बड़ी भागीदारी
महारैली की तैयारियों को लेकर स्थानीय स्तर पर भी शिक्षकों में उत्साह है। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि टीएफआई के बैनर तले 21 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में गौतमबुद्धनगर का समस्त अध्यापक अपने हितों की रक्षा के लिए बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करेगा।
जिला मंत्री गजन भाटी ने कहा कि टेट के मुद्दे पर सभी राज्यों को एक साथ मिलकर संघर्ष करने की आवश्यकता थी, और इसी जरूरत को पूरा करने के लिए टीएफआई का गठन किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि टेट की यह लड़ाई टीएफआई लड़ेगा और जीतेगा भी।
इस अवसर पर बलेराम नागर, स्मिता सिंह, मीना यादव, अरविंद शर्मा, सरताज अहमद, सीमा तिवारी, मौहम्मद असलम, सतीश पीलवान, हेमराज शर्मा, विनोद ठाकुर, रविन्द्र भाटी, अमर भाटी, कुलदीप नागर सहित कई अन्य शिक्षक नेता और अध्यापक उपस्थित रहे और मेघराज भाटी को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

