नई दिल्ली/नोएडा / भारतीय टॉक न्यूज़: राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र सिंह नागर ने केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान सांसद ने क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तीन प्रमुख रेल परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का प्रस्ताव रखा।
यह खबर भी पढ़ें 👉: { न्यू नोएडा (New Noida) के लिए 80 गांवों की जमीन अधिग्रहण की तैयारी: ₹5600 के रेट पर लगेगी मुहर, जानें पूरी योजना}
सांसद नागर ने चोला रेलवे स्टेशन से बुलंदशहर तक नई रेल लाइन के विस्तार की मांग को प्रमुखता से उठाया। इस रेल लाइन के बनने से ग्रेटर नोएडा, खुर्जा और बुलंदशहर के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने गुलावटी रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि स्टेशन को यात्री-अनुकूल बनाकर वहां बेहतर नागरिक सुविधाएं और साफ-सफाई सुनिश्चित की जा सके।
क्षेत्र की एक और बड़ी समस्या का समाधान प्रस्तावित करते हुए नागर ने मारीपत रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण की मांग रखी। वर्तमान में रेल क्रॉसिंग के कारण यहां लगने वाले भारी जाम से स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी होती है। सांसद ने स्पष्ट किया कि ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में बढ़ती जनसंख्या और औद्योगिक विकास को देखते हुए इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन बेहद जरूरी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन मांगों को गंभीरता से सुना और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने इस मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए उम्मीद जताई कि इन प्रस्तावों पर जल्द ही रेल मंत्रालय की ओर से ठोस कार्रवाई की जाएगी।

