Noida / भारतीय टॉक न्यूज़ : गौतमबुद्ध नगर में एक थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने का मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
आधिकारिक तौर पर, इस कार्रवाई का कारण एसएचओ ध्रुव भूषण दुबे का “जनता के साथ अच्छा व्यवहार न होना” बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जनता से ठीक से व्यवहार न करने की शिकायत मिलने पर यह त्वरित कार्रवाई की गई है और जल्द ही नए थाना प्रभारी की तैनाती की जाएगी।
कार्रवाई के पीछे की ‘असली’ वजह?
हालांकि, इस आधिकारिक बयान के विपरीत, जनपद में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। सूत्रों की मानें तो इस कार्रवाई के तार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता के बेटे से जुड़े हैं।
बताया जा रहा है कि भाजपा की एक जिला मंत्री का बेटा अपनी कार में अवैध रूप से हूटर बजाता हुआ जा रहा था। सेक्टर-71 स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने अवैध हूटर बजाने पर भाजपा नेता के बेटे को पकड़ लिया और उसे थाने ले आई।
थाने में हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
जैसे ही इसकी जानकारी भाजपा नेता को लगी, वह पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंच गए। आरोप है कि वहां उनकी कोतवाली प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे के साथ तीखी नोकझोंक और “हॉट टॉक” हुई। बताया जाता है कि भाजपा के एक विंग के जिलाध्यक्ष भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की।
इस घटना से आक्रोशित भाजपा नेताओं ने मामले की जानकारी अपने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रभारी मंत्री को दी। इसके बाद, भाजपा के बड़े नेताओं ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क साधा। चर्चा है कि इसी राजनीतिक दबाव के चलते कोतवाली प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।
व्यवहार कुशल अधिकारी की छवि
गौरतलब है कि ध्रुव भूषण दुबे को पुलिस विभाग में एक व्यवहार कुशल और विनम्र अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने नोएडा के कई थानों में प्रभारी के तौर पर लंबे समय तक काम किया है। ऐसे में, एक भाजपा नेता के बेटे पर कानून के तहत कार्रवाई करने पर उन्हें लाइन हाजिर किया जाना, पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।

