Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़ : नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी का खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला निठारी गांव का है, जहां एक व्यक्ति को चपरासी (Peon) की नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर उससे 3 लाख रुपये ठग लिए गए। शातिर ठग ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए उसे प्राधिकरण का एक ‘फर्जी आईकार्ड’ (Fake ID Card) भी थमा दिया।
पूर्व कर्मचारी पर ठगी का आरोप
पीड़ित राजू, जो कि निठारी का निवासी है, ने आरोप लगाया है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे प्राधिकरण के ही एक पूर्व कर्मचारी (चपरासी) का हाथ है। आरोपी ने राजू को भरोसा दिलाया था कि वह उसकी संविदा पर पक्की नौकरी लगवा देगा, जिसे कभी हटाया नहीं जाएगा। इस भरोसे में आकर राजू ने अलग-अलग किस्तों में उसे कुल तीन लाख रुपये दे दिए।
ज्वाइनिंग के दिन पैरों तले खिसकी जमीन
रुपये लेने के बाद आरोपी ने राजू को एक आईकार्ड लाकर दिया और कहा कि उसकी नौकरी पक्की हो गई है। खुशी-खुशी जब पीड़ित वह आईकार्ड गले में डालकर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर में ड्यूटी ज्वाइन करने पहुंचा, तो वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों ने कार्ड को फर्जी बता दिया। यह सुनते ही राजू के होश उड़ गए। उसे समझ आ गया कि वह एक बड़े गिरोह का शिकार हो चुका है।
बच्चों और पत्नी के साथ भटक रहा पीड़ित
ठगी का शिकार होने के बाद राजू भारी मानसिक तनाव में है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों को साथ लेकर प्राधिकरण के चक्कर काट चुका है, लेकिन अभी तक उसकी सुनवाई नहीं हुई है। फिलहाल वह बीमार है, लेकिन उसने कहा है कि वह ठीक होते ही दोबारा अधिकारियों के पास गुहार लेकर जाएगा और कार्मिक विभाग में भी शिकायत करेगा।
अधिकारी बोले- अभी शिकायत नहीं मिली
इस पूरे मामले पर जब नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ (ACEO) वंदना त्रिपाठी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके पास इस तरह के किसी प्रकरण की लिखित शिकायत नहीं आई है और न ही कोई जांच लंबित है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।
यह घटना उन तमाम लोगों के लिए एक सबक है जो दलालों के जरिए सरकारी विभागों में नौकरी पाने की कोशिश करते हैं।

