Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: गौतमबुद्धनगर जिले में बुधवार को घरेलू गैस सिलेंडर की कमी की अफवाहों के चलते गैस एजेंसियों के बाहर उमड़ी भारी भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। सूरजपुर कलेक्ट्रेट में पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी मालिकों के साथ आपात बैठक करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और भंडार की कोई कमी नहीं है, इसलिए आम जनता किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दे और अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का स्टॉक करने से बचे।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस स्थिति का फायदा उठाकर यदि कोई भी एजेंसी या व्यक्ति गैस की जमाखोरी या अवैध कालाबाजारी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि आपूर्ति व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है जो फील्ड में छापेमारी कर रही हैं, ताकि केंद्र सरकार के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक नागरिक को समय पर और सुचारू रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।

