नोएडा/भारतीय टॉक न्यूज़: नए साल 2026 के जश्न को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने कमर कस ली है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे जिले में धारा 163 प्रभावी कर दी गई है। मंगलवार को अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने भारी पुलिस बल के साथ सेक्टर-18, गॉर्डन गैलेरिया और जीआईपी मॉल जैसे संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए जिले को 3 सुपर जोन, 10 जोन, 27 सेक्टर और 119 सब-सेक्टरों में विभाजित किया गया है। गॉर्डन गैलेरिया, जीआईपी, डीएलएफ, स्पेक्ट्रम और लॉजिक्स जैसे प्रमुख मॉल्स के बाहर 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, पीआरवी और पीसीआर वाहन लगातार पेट्रोलिंग करेंगे, जबकि पीनाक कमांडो टीम को रिजर्व में रखा गया है।
नशे में धुत लोगों के लिए ‘पुलिस कैब’
एक सराहनीय पहल करते हुए पुलिस ने घोषणा की है कि नए साल की पूर्व संध्या पर जो लोग नशे में ज्यादा धुत होंगे, उन्हें सुरक्षित घर भेजने के लिए पुलिस कैब (Cab) की व्यवस्था करेगी। हालांकि, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों (Drunk and Drive) के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और अगले तीन दिनों तक सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

बार और मॉल प्रबंधकों को सख्त चेतावनी
पुलिस ने बार और रेस्टोरेंट संचालकों को हिदायत दी है कि वे ग्राहकों को इतनी शराब न परोसें कि स्थिति बेकाबू हो जाए। अगर लापरवाही पाई गई तो बार संचालक की जवाबदेही तय होगी। इसके साथ ही:
🔸क्षमता से अधिक भीड़ होने पर मॉल के प्रवेश द्वार तुरंत बंद करने होंगे।
🔸 वाहनों को केवल निर्धारित मल्टी लेवल पार्किंग में ही खड़ा करना होगा।
🔸 सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है।
आगजनी से निपटने के इंतजाम
मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फायर टेंडर की गाड़ियां पहले से ही तैनात कर दी गई हैं ताकि किसी भी अनहोनी की स्थिति में तुरंत काबू पाया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंग करने वालों या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धारा 163 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


