Noida /भारतीय टॉक न्यूज़ : गौतमबुद्ध नगर जिले से गुमशुदगी के दो अलग-अलग मामलों ने पुलिस और परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। एक मामले में नोएडा के सेक्टर-105 स्थित गेस्ट हाउस का कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है, जिसकी पत्नी ने अपहरण की आशंका जताई है। वहीं, दूसरी घटना में जेवर थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय किशोरी गायब है। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गेस्ट हाउस कर्मी का नहीं लगा सुराग
पहला मामला थाना सेक्टर-39 क्षेत्र का है। पुलिस को दी शिकायत में विनीता देवी ने बताया कि उनके पति रणवीर लाल, सेक्टर-105 स्थित एक गेस्ट हाउस में नौकरी करते थे। विनीता के अनुसार, 7 सितंबर को रणवीर ने उन्हें फोन करके बताया कि वह नोएडा से उत्तराखंड के चमोली स्थित अपने घर आ रहे हैं, लेकिन वे आज तक घर नहीं पहुंचे।
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जब महिला ने गेस्ट हाउस के मालिक से बात की, तो उन्होंने जानकारी दी कि रणवीर अपना वेतन लेकर टैक्सी बुक करके घर जाने के लिए निकले थे। गेस्ट हाउस के अन्य कर्मचारियों ने यह भी बताया कि निकलते समय रणवीर किसी से फोन पर बात कर रहे थे और काफी गुस्से में लग रहे थे।
महिला ने अपने पति के घर न पहुंचने पर अनहोनी की आशंका जताई है। विनीता ने बताया कि वह उत्तरांचल के चमोली जनपद के पोखरी थाने भी गई थीं, लेकिन वहां की पुलिस ने इसे नोएडा का मामला बताकर वापस भेज दिया। फिलहाल, सेक्टर-39 पुलिस ने महिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जेवर से 17 वर्षीय किशोरी लापता
गुमशुदगी का दूसरा मामला थाना जेवर क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय किशोरी घर से लापता हो गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि किशोरी के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित पिता के अनुसार, उनकी 17 वर्षीय बेटी 12 नवंबर से घर से लापता है। परिवार वालों ने अपनी बेटी को हर संभावित स्थान पर काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और किशोरी की तलाश में जुट गई है।

