Noida News : नोएडा के सेक्टर 113 कोतवाली पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ये बदमाश बाइक पर सवार होकर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इन्हें सेक्टर 76 सब्जी मंडी के पास से पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल और विशाल के रूप में हुई है।
बदायूं के मूल निवासी, नोएडा में ठिकाना
पुलिस जांच में पता चला है कि पकड़े गए दोनों आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले हैं। हालांकि, वर्तमान में वे नोएडा के सेक्टर 78 स्थित जेजे कॉलोनी में रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, ये आरोपी बदायूं से विशेष रूप से नोएडा आकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे और मौका देखकर फरार हो जाते थे। लेकिन इस बार वे पुलिस के जाल में फंस गए।
शाम के समय फैक्ट्री कर्मचारियों पर रहती थी नजर
पूछताछ के दौरान दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लूटपाट के लिए शाम का समय चुनते थे। उनका मुख्य निशाना फैक्ट्रियों से छुट्टी के बाद घर लौट रहे कर्मचारी होते थे। जैसे ही कर्मचारी फैक्ट्री से बाहर निकलते, ये बाइक सवार बदमाश तेजी से उनके पास पहुंचकर मोबाइल फोन छीन लेते और फरार हो जाते थे।
लूट का मोबाइल, बाइक और तमंचा बरामद
सेक्टर 113 पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को सेक्टर 76 सब्जी मंडी के समीप से धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया है।