गौतमबुद्ध नगर | भारतीय टॉक न्यूज़: नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-136 में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ एक ऑनलाइन कोचिंग कंपनी के अकाउंटेंट ने ही अपने सीनियर अधिकारी को लूटने की साजिश रच डाली। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अधिकारी को पार्किंग एरिया से जबरन अगवा किया, मारपीट की और लाखों रुपये लूट लिए। नोएडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कर्मचारी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई शत-प्रतिशत धनराशि बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार और पीड़ित का क्रेडिट कार्ड भी बरामद कर लिया है।
पार्किंग से कार में डाला, फिर ऑनलाइन और कैश की लूट
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 18 मार्च 2026 की है। सेक्टर-136 स्थित ऑनलाइन कोचिंग कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी जब पार्किंग एरिया में पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद कंपनी के अकाउंटेंट चन्द्र मोहन सारस्वत ने अपने साथी हनी बैसला और दो अन्य के साथ मिलकर उन्हें जबरन अपनी कार में बैठा लिया। आरोपियों ने चलती कार में अधिकारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने डरा-धमकाकर पीड़ित के खाते से 60,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और उनकी कार में रखे 2 लाख 47 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। इसके बाद आरोपी फरार हो गए और लूटी गई नकदी को अपने बैंक खाते में जमा करा दिया।
पुलिस और साइबर सेल का तगड़ा एक्शन: शत-प्रतिशत रिकवरी
पीड़ित की शिकायत पर थाना फेस-2 पुलिस ने मुकदमा संख्या 127/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने सेक्टर-91 बायोडावरसिटी पार्क के पास से चन्द्र मोहन सारस्वत (निवासी हापुड़) और हनी बैसला (निवासी मेरठ) को दबोच लिया। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपियों के खातों में जमा 2,57,600 रुपये को तुरंत फ्रीज (Hold) करा दिया, जिससे पीड़ित का पूरा पैसा सुरक्षित हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 49,400 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इस वारदात में शामिल शेष दो फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।
बरामदगी और गिरफ्तारी का विवरण:
🔸 गिरफ्तार आरोपी | चन्द्र मोहन सारस्वत (35 वर्ष) और हनी बैसला (27 वर्ष) |
🔸बरामद नकदी | 49,400 रुपये (नकद) |
🔸 फ्रीज की गई राशि | 2,57,600 रुपये (बैंक खाते में) |
🔸 अन्य बरामदगी | वैगनआर कार (DL3CCV9764), ICICI क्रेडिट कार्ड |

