नोएडा को मिलेगी 1400 करोड़ की सौगात, सीएम योगी करेंगे भंगेल एलिवेटेड समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

Noida will get a gift of 1400 crores, CM Yogi will inaugurate and lay the foundation stone of many projects including Bhangel Elevated

Partap Singh Nagar
3 Min Read
नोएडा को मिलेगी 1400 करोड़ की सौगात, सीएम योगी करेंगे भंगेल एलिवेटेड समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

Noida News /भारतीय टॉक न्यूज़: नोएडा शहर के विकास को जल्द ही एक नई रफ्तार मिलने वाली है। नोएडा प्राधिकरण लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी चार बड़ी विकास परियोजनाओं के लोकार्पण की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही, लगभग 700 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। इन सभी परियोजनाओं का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों से कराने के लिए प्राधिकरण ने उनसे समय मांगा है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होते ही नोएडा को कुल मिलाकर लगभग 1400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।

इन चार परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

तैयार हो चुकी परियोजनाओं में सबसे प्रमुख भंगेल एलिवेटेड रोड है, जो अगाहपुर से एनएसईजेड सेक्टर-82 तक बनाया गया है। इस एलिवेटेड रोड के खुलने से भंगेल और आसपास के क्षेत्र में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा, सेक्टर-94 में महामाया फ्लाईओवर के पास निर्मित वेस्ट टू वंडर पार्क, सेक्टर-38ए की वेंडर मार्केट, सेक्टर-98 में बनी छह दुकानें और सेक्टर-18 की नो-कार लेन परियोजना का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। इन परियोजनाओं को जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

नई परियोजनाओं की रखी जाएगी आधारशिला

प्राधिकरण ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई नई परियोजनाओं की रूपरेखा भी तैयार की है, जिनका शिलान्यास भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

एक्सप्रेसवे पर दो नए अंडरपास: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात को और सुगम बनाने के लिए झट्टा और सुल्तानपुर गांव के पास दो नए अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। करीब 180 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए एजेंसी का चयन हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

सेफ सिटी परियोजना: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 202 करोड़ रुपये की लागत से ‘सेफ सिटी’ परियोजना विकसित की जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही एजेंसी का चयन कर काम शुरू किया जाएगा।

डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो विस्तार: नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करते हुए डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक 2.6 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक बनाएगा। इस परियोजना पर 416 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसका टेंडर जल्द ही जारी किया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ, डॉ. लोकेश एम. ने बताया, “भंगेल एलिवेटेड रोड और वेस्ट टू वंडर पार्क जैसी बड़ी विकास परियोजनाओं का काम पूरा होने वाला है। काम पूरा होते ही इन्हें शहरवासियों को समर्पित कर दिया जाएगा। साथ ही, बारिश के बाद शहर में कई नई परियोजनाओं पर भी काम शुरू करवाया जाएगा।”

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *