Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़; नोएडा की थाना फेस-3 पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के एक मामले में 02 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि हत्या का कारण मृतक के मुख्य अभियुक्त की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध थे।
क्या है पूरा मामला
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, थाना फेस-3 पर एक मुकदमा (मु0अ0सं0 477/2025) दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके भाई राहुल (उम्र 36 वर्ष, निवासी रबुपुरा, गौतमबुद्धनगर) की हत्या कर दी गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीमें अभियुक्तों की तलाश में जुटी थीं।
पूछताछ में हुआ अवैध संबंधों का खुलासा
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि मृतक राहुल के मुख्य अभियुक्त अमित कुमार की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। इसी बात से नाराज होकर अमित ने अपने साथी उमेश के साथ मिलकर राहुल की हत्या की योजना बनाई और इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
चाकू समेत हुई गिरफ्तारी
दिनांक 01.11.2025 को थाना फेस-3 पुलिस टीम ने बीट पुलिसिंग और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित अभियुक्तों को ग्रीन बेल्ट, सर्विस रोड गढ़ी गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी मिला है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
अमित कुमार: पुत्र रामदास, निवासी नोजलपुर, थाना सासनी, हाथरस (शिक्षा-अनपढ़)
उमेश: पुत्र शीयाराम, निवासी ग्राम नंगलीपुर, थाना तेजीबाजार, जिला जौनपुर (शिक्षा-9वीं पास)
पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103/115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

