यमुना सिटी | भारतीय टॉक न्यूज़: उत्तर प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के उद्घाटन की तिथि आखिरकार तय हो गई है। आगामी 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य परियोजना का लोकार्पण करेंगे। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से कार्यक्रम की आधिकारिक अनुमति मिलने के बाद उत्तर प्रदेश शासन ने जिलाधिकारी मेधा रूपम, यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह और कमिश्नरेट पुलिस को युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
एयरपोर्ट के प्रथम चरण का निर्माण, जिसमें 3900 मीटर लंबा रनवे, भव्य यात्री टर्मिनल और एटीसी टावर शामिल हैं, पूरी तरह से तैयार है। उद्घाटन समारोह के लिए एयरपोर्ट परिसर में विशाल पंडाल बनाने का काम शुरू हो गया है, जहाँ करीब डेढ़ लाख लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
एशिया का सबसे बड़ा हब: अप्रैल से शुरू होंगी 65 उड़ानें
नोएडा एयरपोर्ट न केवल भारत बल्कि भविष्य में एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने की राह पर है। डीजीसीए (DGCA) से एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद अब यहां से व्यावसायिक उड़ानों का रास्ता साफ हो चुका है। जानकारी के अनुसार, अप्रैल के मध्य से देश के 45 प्रमुख शहरों के लिए करीब 65 कमर्शियल उड़ानें शुरू की जाएंगी, जिसमें इंडिगो, अकासा और एयर इंडिया जैसी एयरलाइंस अपनी सेवाएं देंगी। वर्तमान में इसकी क्षमता सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों की है, जो 2035 तक बढ़कर 7.20 करोड़ हो जाएगी। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने भी एयरपोर्ट का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। विधायक धीरेंद्र सिंह के अनुसार, यह एयरपोर्ट क्षेत्र में रोजगार और खुशहाली का नया दौर लेकर आएगा। सितंबर 2026 से यहाँ से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू होने की उम्मीद है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश सीधे वैश्विक मानचित्र से जुड़ जाएगा।

